जिले के सटई थाना क्षेत्र स्थित अमरोनिया जंगल में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मनीराम रैकवार की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से कराई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तौलिया, पेचकस, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को सिगरामपुरा निवासी मनीराम रैकवार की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद तलाश अभियान चलाया गया। इसी दौरान अमरोनिया जंगल के बगाई नाला से उसका शव बरामद हुआ। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जब पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की, तो पता चला कि मृतक की पत्नी शिवानी रैकवार का पिछले करीब एक वर्ष से अखलेश पटेल के साथ प्रेम संबंध था। बताया गया कि
अखलेश ने शादी से लगभग दो माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से शिवानी के पति मृतक मनीराम से दोस्ती की थी, जबकि मनीराम और शिवानी का विवाह करीब दो माह पहले ही हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया कि शिवानी ने अपने कथित प्रेमी अखलेश पटेल और उसके साथी भरत यादव के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मनीराम घर से आटा पिसवाने निकला था जिसे पत्नि का कथित प्रेमी अखलेश पटेल उसे पार्टी के नाम पर अमरौनिया के जंगल ले गया जहां अखलेश ने अपने दोस्त भरत यादव के साथ मिलकर मनीराम रैकवार की हत्या कर दी और शव को पत्थरों से छिपा दिया था। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस हरकत में आयी और मनीराम का शव जंगल में मिला था।
सटई थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने बताया कि आरोपियों ने पहले मनीराम का गला घोंटकर हत्या की इसके बाद गले में पेंचकस से भी वार किए गए ताकि युवक किसी भी प्रकार से जिंदा न बच सके। उन्होंने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक मनीराम और उसकी पत्नि मजदूरी करने दिल्ली जा रहे हैं। जिससे आरोपी कथित प्रेमी को यह बात नागंवार गुजरी और उसने अपनी कथित प्रेमिका से कहा कि अगर वह दिल्ली चली गई तो वह भी उसके बिना रह नहीं पाएगा। पुलिस ने तीनों आरोपियों—शिवानी रैकवार, अखलेश पटेल और भरत यादव—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों ने बताया कि जब प्रेमिका शिवानी ने अपने कथित प्रेेमी अखलेश से दिल्ली जाने की बात कही तो प्रेमी गुस्सा हो गया और उसने शिवानी के पति मनीराम को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। जिस पर शिवानी ने भी प्रेमी से कहा कि तुम्हे जैसा अच्छा लगे वैसा करो। और कथित प्रेमी अखलेश ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मनीराम की हत्या कर दी।
