शराब के लिए पैसे नहीं देने पर दो दोस्तों को घेरा, दूसरी घटना में दुकान चलाने के बदले मांगी रंगदारी; दोनों मामलों में पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
जबलपुर। शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। रविवार देर रात गोहलपुर थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला में तीन बदमाशों ने दो युवकों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं सोमवार सुबह हनुमानताल थाना क्षेत्र में एक चाय दुकान संचालक पर रंगदारी नहीं देने पर चाकू से हमला कर दिया गया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शराब के लिए मांगे पैसे, इंकार करने पर चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार चौधरी मोहल्ला निवासी गौरव चौधरी, जो वेटर का काम करता है, रविवार रात करीब 12 बजे अपने मित्र योगेंद्र उर्फ पंतुल चौधरी के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों सुशील परिसर गेट के अंदर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद नितिन, पप्पू चौधरी, अप्पू रैकवार और अक्षय चौधरी ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब दोनों युवकों ने रुपये देने से मना किया तो पहले मारपीट की और विरोध करने पर चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गौरव और पंतुल के जांघ, पीठ, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकाकर भगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
चाय दुकान संचालक से मांगी रंगदारी, मना करने पर चाकू मार दिया
दूसरी घटना हनुमानताल थाना क्षेत्र के सिंधी कैंप में सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुई। यहां चाय दुकान संचालक राकेश कुवानी पर शिवांश सोनकर ने चाकू से हमला कर दिया।
घायल राकेश ने पुलिस को बताया कि आरोपी दुकान चलाने के एवज में रुपये मांग रहा था। उसने धमकी दी कि यदि दुकान चलानी है तो नियमित रूप से पैसे देने होंगे। जब राकेश ने रंगदारी देने से इंकार किया तो आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पैरों में चोट आई।
दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और रंगदारी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
