यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बढ़ा विवाद, सदन में कांग्रेस का हंगामा, सड़क पर मुस्लिम समाज का विरोध



भोपाल। समान नागरिक संहिता (UCC) बिल को लेकर राजधानी भोपाल में राजनीतिक और सामाजिक पारा चरम पर पहुंच गया है। आज UCC बिल को लेकर विधानसभा से लेकर सड़क तक जोरदार विरोध और गहमागहमी का माहौल देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ आज विधानसभा के भीतर इस विधेयक पर तीखी बहस होने के आसार हैं, वहीं दूसरी तरफ सड़क पर भी इसके विरोध में मोर्चा खोल दिया गया है।
कांग्रेस ने बुलाई विधायक दल की बैठक

आज विधानसभा के पटल पर UCC बिल पर चर्चा होनी तय हुई है, जिसके लिए 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने ही अपनी-अपनी बात रखने के लिए विधायकों की जिम्मेदारी तय कर दी है। सदन में चर्चा से ठीक पहले कांग्रेस ने विधायक दल की आपात बैठक बुलाई। इस बैठक में विपक्षी दल ने UCC के मुद्दे पर सरकार को घेरने और फ्लोर मैनेजमेंट को लेकर आक्रामक रणनीति तैयार की है।

विधानसभा परिसर पहुँचते ही कांग्रेस विधायकों ने UCC बिल के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हाथ में पोस्टर-बैनर लिए पहुँचे कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “सरकार किसानों की कोई मदद नहीं कर रही है और केवल नफरत की राजनीति करने में जुटी है।” विपक्ष का साफ कहना है कि वे इस बिल को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे।
शाहजहांनी पार्क में सड़क पर उतरेगा मुस्लिम समाज

सदन के भीतर चल रहे सियासी घमासान के बीच सड़क पर भी विरोध की तैयारी पूरी है। भोपाल के शाहजहाँनी पार्क में आज दोपहर 1 बजे मुस्लिम समाज द्वारा UCC के खिलाफ एक विशाल धरने का आयोजन किया जाएगा। एक तरफ जहाँ राज्य सरकार UCC लागू करने को लेकर अडिग दिख रही है, वहीं विपक्ष और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कड़े रुख से भोपाल में स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post