जबलपुर। जबलपुर के सिहोरा बायपास रोड पर रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मैहर से सीमेंट लेकर छिंदवाड़ा जा रहा ट्रक पीछे से आए एक अन्य ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि दुर्घटना के बाद सड़क पर सीमेंट की बोरियां बिखर जाने से काफी देर तक यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक अब्दुल रहमान मैहर से सीमेंट लेकर छिंदवाड़ा जा रहा था। उसके साथ क्लीनर मनोज यदुवंशी भी मौजूद था। जब ट्रक सिहोरा बायपास रोड से गुजर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अन्य ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीमेंट से लदा ट्रक संतुलन खो बैठा और डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क के बीचोंबीच पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें भरी सीमेंट की बोरियां सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गईं। चालक और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।
हादसे के बाद बायपास रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर सीमेंट फैल जाने और ट्रक के बीच सड़क पर पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके साथ ही सीमेंट की बोरियों को किनारे कराकर मार्ग को साफ कराया गया।
करीब कुछ घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश भी की जा रही है।
