सतना। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे आरपीएफ (RPF) के एक प्रधान आरक्षक पर एक नशेड़ी ने सरेआम जानलेवा हमला कर दिया। हद तो तब हो गई जब बेखौफ आरोपी ने जवान के हाथ से ही उसका सरकारी डंडा छीन लिया और सरेआम लाठियां भांजना शुरू कर दिया। इस हिंसक झड़प का रूह कंपा देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने रेलवे की सुरक्षा पोल खोलकर रख दी है।
समझाना पड़ा भारी… नशेड़ी ने सरेआम भांजी लाठियां!
यह पूरी वारदात शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर घटित हुई। आरपीएफ के प्रधान आरक्षक गोविंद नारायण सिंह प्लेटफार्म नंबर दो पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक युवक रेल पटरी के पास बेहद खतरनाक ढंग से खड़ा होकर वहां से गुजरने वाले यात्रियों और आम लोगों को सरेआम गंदी-गंदी गालियां बक रहा था।
जवान गोविंद नारायण सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे पटरी से ऊपर आने को कहा और समझाने की कोशिश की। लेकिन नशे में धुत वह युवक उल्टा पुलिसकर्मी पर ही भड़क गया और उनके साथ भी बदतमीजी करने लगा।
जब यात्रियों की मदद से उस हुड़दंगी को प्लेटफार्म से बाहर खदेड़ने का प्रयास किया जाने लगा तो उसने अचानक आरपीएफ जवान पर झपट्टा मारकर उनका डंडा छीन लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपी सरेआम जवान पर लाठियां बरसा रहा है और बेबस खाकीधारी खुद का बचाव करने की कोशिश कर रहा है।
वेंडरों की सूझबूझ से बची जान, आरोपी चढ़ा जीआरपी के हत्थे
प्लेटफार्म पर अचानक भड़की इस हिंसा से यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। इस बीच वहां मौजूद एक रेलवे वेंडर और कुछ सजग यात्रियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए हिम्मत दिखाई। उन्होंने बीच-बचाव कर आरोपी को दबोचा और उसके हाथ से डंडा छीनकर स्थिति को संभाला।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित जवान गोविंद नारायण सिंह ने जीआरपी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान बिहारी लाल पासी, निवासी ग्राम बैली, जिला कोशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
