GRP ने प्लेटफॉर्म नंबर-6 से दबोचा, 70 हजार रुपये के चोरी के जेवरात बरामद, कई वारदातें कबूलीं
जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले एक सक्रिय महिला चोर गिरोह का जीआरपी (GRP) ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के अंतिम छोर से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने ट्रेनों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
जीआरपी के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रूपा माली (25 वर्ष), निवासी हिंडोलिया, जिला दमोह तथा रेखा माली (25 वर्ष), निवासी ललितपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हाल ही में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं से जुड़े लगभग 70 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद किए गए। जब्त सामान में दो जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की चेन, एक चांदी का ब्रेसलेट और बिछिया शामिल हैं।
महिला यात्रियों को बनाती थीं निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाओं का कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। वे लगातार अलग-अलग शहरों और रेलवे स्टेशनों पर घूमकर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों, विशेष रूप से महिला यात्रियों, को निशाना बनाती थीं। भीड़भाड़ और यात्रा के दौरान अवसर मिलते ही वे जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती थीं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
जीआरपी अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा प्रदेश के किन-किन रेलवे स्टेशनों पर इन्होंने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। बरामद जेवरात के वास्तविक मालिकों की पहचान भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने की संभावना है।
