जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। अमखेरा निवासी विवाहिता नंदनी कोरी ने अपने पति और सास पर उसे जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटी के लिए दूध गर्म कर रही थी, तभी हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कटनी जिले के कुठला क्षेत्र की रहने वाली नंदनी कोरी का विवाह करीब सात वर्ष पहले अमखेरा निवासी वीरेन्द्र कोरी से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और सास जयंती कोरी उसे घरेलू विवादों को लेकर प्रताड़ित करते थे और कई बार मारपीट कर मायके भेज देते थे।
नंदनी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना की रात करीब 11:45 बजे वह अपनी बेटी के लिए रसोई में गैस पर दूध गर्म कर रही थी। उसी दौरान सास रसोई में आई और कथित रूप से उसकी साड़ी का पल्लू जलते गैस बर्नर पर रख दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी साड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वह गंभीर रूप से झुलस गई।
'पति सामने खड़ा रहा, लेकिन बचाने की कोशिश नहीं की'
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी चीख-पुकार सुनकर पति वीरेन्द्र मौके पर पहुंचा, लेकिन उसने आग बुझाने या बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। कुछ देर बाद शोर सुनकर ससुर मदन कोरी पहुंचे और आग बुझाई। उनके आने के बाद ही पति ने भी पानी डाला।
गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद महिला को पूरी रात घर में ही रखा गया। सुबह करीब पांच बजे चाची सास को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पहले संजीवनी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत को देखते हुए राइट टाउन स्थित मोहनलाल हरगोविंददास अस्पताल में भर्ती कराया गया।
'सास के पक्ष में वीडियो बनाओ, नहीं तो जान से मार देंगे'
अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में नंदनी ने एक और गंभीर आरोप लगाया। उसने बताया कि घटना के बाद रातभर उसे घर में रखकर पति ने दबाव बनाया कि वह सास के पक्ष में बयान देते हुए वीडियो बनाए। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने दर्ज किए बयान
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। नंदनी ने स्पष्ट रूप से बताया कि उसकी सास ने जानबूझकर उसकी साड़ी का पल्लू जलते गैस बर्नर पर रखा था, जिससे वह आग की चपेट में आ गई। उसने यह भी कहा कि पति ने उसे बचाने के लिए कोई विशेष प्रयास नहीं किया और काफी देर तक जली हुई हालत में घर में ही रखा गया।
पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पति वीरेन्द्र कोरी और सास जयंती कोरी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
