जबलपुर। जबलपुर से नागपुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की एक यात्री बस मंगलवार को लखनादौन के समीप नेशनल हाईवे-34 पर चौथा मील के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ड्राइवर सहित बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर लखनादौन पुलिस, 108 एंबुलेंस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को जिला अस्पताल सिवनी रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार लखनादौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक MH 17 BY 0909 जबलपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। चौथा मील के पास अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। यदि उस समय सड़क पर भीड़ होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
