जबलपुर।भोपाल–जबलपुर नेशनल हाईवे-45 पर शहपुरा–भिटौनी क्षेत्र में बने एक ब्रिज का हिस्सा धंस जाने से हाइवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। शहपुरा से लगे इस ब्रिज पर बीते करीब छह महीनों से एक लेन में निर्माण एवं सुधार कार्य चल रहा था। घटना के बाद एहतियातन वाहनों की आवाजाही वन-वे व्यवस्था के तहत कराई जा रही है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लगातार बढ़ते यातायात दबाव के चलते ब्रिज का एक हिस्सा अचानक धंस गया। बताया जा रहा है कि ब्रिज की सपोर्टिंग दीवार पहले से ही जर्जर अवस्था में थी। बारिश के दौरान ब्रिज पर पानी भरने से सीपेज की समस्या शुरू हुई, जिससे समय के साथ संरचना कमजोर होती चली गई। स्थानीय लोगों ने ब्रिज निर्माण और मरम्मत कार्य में घटिया गुणवत्ता के मटेरियल के इस्तेमाल के आरोप भी लगाए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एमपीआरडीसी (MPRDC) द्वारा ब्रिज की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा उपायों पर काम शुरू किया जा रहा है। इधर, ब्रिज का हिस्सा धंसने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और लंबा जाम लगने की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
