जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर तीन मजदूरों की मौत, मृतकों की संख्या पांच हुई



जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर भर्ती तीन मजदूरों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या अब पांच हो चुकी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूर सड़क किनारे बैठकर दोपहर का भोजन कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में पहले ही दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल में इलाज के दौरान पहले गोमता बाई की हालत बिगड़ने पर वेंटिलेटर पर रखा गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद वर्षा बाई और कृष्णा बाई की भी हालत नाजुक हो गई और इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर उनकी भी मौत हो गई। तीनों की मौत ने हादसे की भयावहता को और उजागर कर दिया है।

मृतकों में जैत्रवती, लक्ष्मी बाई, गोमता बाई, वर्षा बाई और कृष्णा बाई शामिल हैं। सभी मृतक जबलपुर और मंडला जिले के करीबियों गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांवों में मातम पसरा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रवींद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल अन्य घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूरों को कुचलने वाली कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वाहन का नंबर MP-20-XB-1460 बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post