रांझी में दहशत का पर्याय बना बदमाश गिरफ्तार, घटनास्थल पर निकाला गया जुलूस



जबलपुर। शहर के उपनगरीय क्षेत्र रांझी में दहशत और आतंक का माहौल बनाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर जुलूस भी निकाला, जिससे क्षेत्र में स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वैभव उर्फ बाबू मराठा, झंडा चौक रांझी का निवासी है। आरोपी का इलाके में आतंक लगातार बढ़ता जा रहा था। दो दिन पूर्व उसने झंडा चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति की दुकान में तोड़फोड़ की, गल्ले से नकदी लूटी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को लूट की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और अवैध वसूली जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इसके अलावा मोहल्ले के एक सामुदायिक भवन पर आरोपी द्वारा जबरन ताला लगाकर कार्यक्रमों को रोकने की शिकायत भी सामने आई थी। पुलिस ने आरोपी के घर से चाबी मंगवाकर ताला खुलवाया और सामुदायिक भवन को उसके अवैध कब्जे से मुक्त कराया।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह के असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post