जबलपुर। पनागर के समीप ग्राम मनियारी खुर्द में शुक्रवार–शनिवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बीते 15 वर्षों से संचालित एक अगरबत्ती कारखाने में रात करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कारखाने के भीतर रखी तीन मशीनें और लगभग 10 लाख रुपये का कच्चा माल जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
खेत से लौट रहे युवक ने दी सूचना
घटना की जानकारी उस वक्त सामने आई जब कारखाना संचालक विकास पटेल के चचेरे भाई आनंद पटेल खेत से लौट रहे थे। उन्होंने देखा कि कारखाने के टीन शेड से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही हैं। आनंद ने तत्काल विकास पटेल को फोन कर इसकी सूचना दी। शोर सुनते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
परिजनों ने शुरुआत में निजी वॉटर पंप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कारखाने में रखा कोयला, चंदन और अन्य कीमती सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी।
कारखाना संचालक विकास पटेल ने मामले की लिखित शिकायत पनागर थाने में दर्ज कराई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
