ग्वारीघाट में नाबालिग को ‘तालिबानी सजा’, चप्पलों से पिटाई कर बनाया वीडियो वायरल



जबलपुर। शहर के ग्वारीघाट क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक दिल-दहलाने वाला मामला सामने आया है। रुपयों के लेनदेन के विवाद में तीन बदमाशों ने अपने ही नाबालिग साथी को अमानवीय यातनाएं दीं। आरोपियों ने नाबालिग को पहले चप्पलों से बेरहमी से पीटा, फिर उसे निर्वस्त्र कर नदी में नहलाया और उससे खुद को चप्पलों से मारने के लिए मजबूर किया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जो अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले तीन युवकों ने शहर के किसी हिस्से से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। चोरी के बाद जब रुपयों का बंटवारा होना था, तब नाबालिग ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी के चलते आरोपियों राजेश, केशू और राघव ने नाबालिग को सबक सिखाने की योजना बनाई।

योजना के तहत तीनों ने नाबालिग को ग्वारीघाट बुलाया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने नाबालिग को चप्पलों से पीटा, फिर उसे अपमानित करते हुए नदी में नहलाया। इतना ही नहीं, उसे खुद अपने चेहरे पर चप्पल मारने के लिए मजबूर किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

वीडियो में दिखी क्रूरता की हद
वायरल वीडियो में आरोपी नाबालिग से कहते नजर आ रहे हैं कि जब तक वे मना न करें, तब तक वह खुद को मारता रहे। साथ ही आरोपी यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि “मजा नहीं आ रहा है”, जो उनकी क्रूर मानसिकता को दर्शाता है।

घटना से आहत नाबालिग अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी एक-दूसरे के परिचित हैं और उनके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में चोरी व मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की गई मोटरसाइकिल शहर के किस क्षेत्र से लाई गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post