बरगी रोड पर अवैध वसूली: आरटीओ आरक्षक और सहयोगी 4500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बरगी रोड पर वाहन चालकों से अवैध वसूली के मामले में आरटीओ के आरक्षक और उसके सहयोगी प्राइवेट कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रशान्त दत्तात्रेय जाधव (निवासी खारघर, नवी मुंबई) के स्वामित्व वाली करीब 10 मालवाहक गाड़ियां बरगी होते हुए जबलपुर से उत्तरप्रदेश एवं अन्य राज्यों के लिए संचालित होती हैं। इन वाहनों के चालक जय सिंह यादव (निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश) हैं।


बताया गया कि 25 मार्च को वाहन क्रमांक DD 01P09764 नागपुर-जबलपुर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान बरगी के पास आरटीओ में पदस्थ आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके सहयोगी मोहित साहू ने वाहन को आगे बढ़ाने के एवज में 4500 रुपये की रिश्वत की मांग की।


शिकायत मिलने पर एसपी लोकायुक्त अंजू पटले द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई गई। इसके बाद लोकायुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को वाहन चालक से 4500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।


लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post