अफवाहों पर प्रशासन का विराम: जबलपुर में पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य




जबलपुर। जिले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में सभी आवश्यक ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का संग्रह न करें। प्रशासन ने साफ किया है कि ड्रम या अन्य बर्तनों में ईंधन भरकर ले जाना प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रशासन के अनुसार, रसोई गैस की सप्लाई भी पूरी तरह व्यवस्थित है और बुकिंग सिस्टम के तहत नियमित वितरण हो रहा है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे 25 से 45 दिन की निर्धारित अवधि के अनुसार ही गैस बुकिंग कराएं, ताकि सिस्टम पर अनावश्यक दबाव न बने और सभी को समय पर सुविधा मिल सके।

गैस बुकिंग में ओटीपी आने में हो रही देरी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। प्रशासन का कहना है कि सर्वर पर अधिक लोड के कारण यह समस्या सामने आती है, जिसका किसी तय समय सीमा से संबंध नहीं है। ऐसे में कम भीड़ वाले समय में बुकिंग करना अधिक सुविधाजनक रहेगा।

प्रशासन ने कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जहां नागरिक वीडियो के साथ शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ सूचना देने वाले को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post