कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, बढ़ैयाखेड़ा गांव में तनाव, प्रशासन ने संभाले हालात




जबलपुर जिले के चरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ैयाखेड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया। मौके पर तहसीलदार, सीएसपी और थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे और हालात को काबू में किया।

जानकारी के अनुसार, बढ़ैयाखेड़ा गांव में कब्रिस्तान के लिए चिन्हित भूमि को लेकर लंबे समय से आपसी मतभेद चल रहे हैं। एक पक्ष का दावा है कि उक्त भूमि गोठान की है, जबकि दूसरा पक्ष इसे कब्रिस्तान की जमीन बता रहा है। इसी भूमि पर कब्रिस्तान से जुड़े कार्य किए जाने की कोशिश के दौरान दूसरा पक्ष मौके पर पहुंच गया और आपत्ति दर्ज कराई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे गांव में तनाव फैल गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में काबू में आए हालात

मामले की गंभीरता को देखते हुए चरगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर समझाइश दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विवादित जमीन से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी और निर्णय कानून के अनुसार ही लिया जाएगा।

प्रशासन ने फिलहाल विवादित स्थल पर किसी भी प्रकार की गतिविधि पर अस्थायी रोक लगा दी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने, अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post