उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दो भालुओं की मौत से हड़कंप मच गया।मानपुर बफर के खम्हा बीट में अवयस्क नर भालू का शव मिला है। डॉग स्क्वाड की मदद से कुछ दूरी पर मादा भालू का भी शव बरामद हुा है।
वन्यप्राणी से संघर्ष से मौत की आशंका
दोनों शवों के सभी अवयव सुरक्षित पाए गए। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल का संरक्षण कर पंचनामा बनाया गया। मेटल डिटेक्टर से शवों की जांच की गई। वाइल्डलाइफ हेल्थ ऑफिसर की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कर नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। प्राथमिक तौर पर अन्य वन्यप्राणी से संघर्ष से मौत की आशंका जताई गई है। बांधवगढ़ में पर्यटन के दौरान अक्सर भालू दिखाई देते है।
दो बाघों के संघर्ष के बाद बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
इधर शहडोल जिले की जयसिंहनगर रेंज की वनचाचर बीट में नर बाघ घायल मिला। लगातार तीन दिन सर्च और ट्रैकिंग अभियान चला। घायल बाघ हाथियों की मदद से मिला। फिर रेस्क्यू टीम और वन अमले ने मोर्चा संभाला। डार्ट गन से बेहोश कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। घायल बाघ को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मगधी परिक्षेत्र के बहेरहा बाड़े में रखा गया। विशेषज्ञों की सतत निगरानी में बाघ का इलाज जारी है।
