मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 1 लाख रुपये, रांझी थाना क्षेत्र का मामला

 


जबलपुर। शहर में साइबर जालसाजों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब रांझी थाना क्षेत्र में एक युवक को मोबाइल हैकिंग का शिकार बनाते हुए बदमाशों ने उसके बैंक खाते से 1 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तुलसीनगर, मानेगांव निवासी 37 वर्षीय दिनेश चंद्र मीना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने छलपूर्वक उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए।

बताया जा रहा है कि घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।

बढ़ते साइबर अपराध पर चिंता

शहर में लगातार सामने आ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post