जबलपुर। जिला प्रशासन द्वारा गठित गरुड़ दल ने दीनदयाल चौक बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित बड़कुल रेस्टोरेंट, बिट्टू दा ढाबा और एक मदिरा बार का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुंडेश्वर धाम प्रगति गनवीर के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण दल में तहसीलदार वीर बहादुर सिंह धुर्वे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद धुर्वे, आबकारी निरीक्षक अंकित जैन तथा माढ़ोताल थाने का पुलिस बल शामिल रहा।
निरीक्षण के दौरान बड़कुल रेस्टोरेंट और बिट्टू दा ढाबा के किचन में बिना ग्लव्स भोजन तैयार करने और साफ-सफाई में गंभीर खामियां पाई गईं। इस पर नगर निगम की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर 5-5 हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया। साथ ही बड़कुल रेस्टोरेंट के किचन से पनीर, पापड़ सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे गए।
वहीं बिट्टू दा ढाबे के ऊपर संचालित मदिरा बार/पब को बिना लाइसेंस और सक्षम अनुमति के चलते सील कर दिया गया। मौके से विदेशी शराब जब्त कर आबकारी विभाग के सुपुर्द की गई। जांच में यह भी सामने आया कि 40 लाख रुपये सालाना टर्नओवर होने के बावजूद संबंधित मदिरा बार के पास एफएसएसएआई लाइसेंस नहीं था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और आबकारी नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे।
