जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को शीर्ष पायदान पर पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार सुबह 7 बजे से शहर के विभिन्न इलाकों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भानतलैया, सिंधी कैंप, मदार टेकरी, मंडी, बहोराबाग और रद्दी चौकी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के समय निगमायुक्त ने सफाई अमले को मौके पर ही कड़े निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि शहर के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सार्वजनिक शौचालयों पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। शौचालयों में सफाई, पानी की उपलब्धता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के लिए सार्वजनिक सुविधाओं का सुव्यवस्थित और स्वच्छ रहना बेहद आवश्यक है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
गंदगी फैलाने वालों पर होगी त्वरित कार्रवाई
सड़क किनारे मलबा फेंकने और खुले में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मौके पर ही जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे निरीक्षण और अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान दिलाया जा सके।
