जबलपुर। जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वितरित पिस्ता बर्फी कथित रूप से जानलेवा साबित हुई। प्रसाद के रूप में बांटी गई मिठाई खाने से फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आई है, जिसमें 45 वर्षीय इन्द्रपाल पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रसाद खाने के कुछ घंटों बाद बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटेल परिवार द्वारा मंदिर में महिलाओं का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भोजन के साथ प्रसाद स्वरूप पिस्ता बर्फी वितरित की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रसाद ग्रहण करने के कुछ घंटों बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते संख्या बढ़ती गई और 17 लोगों को तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान इन्द्रपाल पटेल ने तोड़ा दम
बीमार पड़े लोगों में इन्द्रपाल पटेल की हालत लगातार नाजुक बनी रही। परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर भी ले गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में जबलपुर वापस लाने पर रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
दूषित मिठाई से फूड पॉइजनिंग की आशंका
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दूध से बनी मिठाइयों में यदि स्वच्छता और उचित तापमान पर भंडारण का ध्यान न रखा जाए, तो उनमें बैक्टीरिया और विषैले तत्व तेजी से विकसित हो सकते हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि संबंधित पिस्ता बर्फी भेड़ाघाट चौराहे स्थित एक मिठाई दुकान से खरीदी गई थी।
खाद्य विभाग की कार्रवाई शुरू
घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित दुकान से मिठाई के नमूने जब्त कर लिए हैं। नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
