शादी की खुशियों पर ‘ऑनलाइन गेम’ का ग्रहण: साथी ने उड़ाए 8 लाख



 मोबाइल लेकर बातचीत के बहाने खातों से की रकम ट्रांसफर, ऑनलाइन गेम में हारने की आरोपी ने कबूली बात

जबलपुर। सिहोरा स्थित वॉटर फिल्टर प्लांट में कार्यरत एक माली के साथ उसी के साथी कर्मचारी ने बड़ा धोखा कर दिया। आरोपी ने मोबाइल लेकर बातचीत के बहाने खाते से करीब 8 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ित अपनी भांजी की शादी के लिए बैंक से रकम निकालने पहुंचा।

सिहोरा पुलिस के अनुसार, छपरा निवासी लक्ष्मी प्रसाद कुशवाहा ने लिखित शिकायत में बताया कि वह पंप खितौला स्थित वाटर फिल्टर प्लांट में माली का कार्य करता है। उसके साथ आशीष कोल, निवासी सिंधुली थाना मझगवां, पंप संचालन का काम करता है।

शिकायत के मुताबिक 3 जनवरी से 6 फरवरी के बीच आशीष कोल अक्सर बातचीत करने के बहाने उसका मोबाइल ले लेता था। इसी दौरान आरोपी ने मोबाइल के जरिए खातों से रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। जब लक्ष्मी प्रसाद बैंक पहुंचे, तब बैंक अधिकारियों ने बताया कि रकम फोन पे के माध्यम से ट्रांसफर की गई है।

जांच में सामने आया कि Bank of Maharashtra की सिहोरा शाखा के खाते से 6,87,999 रुपये और Central Bank of India की सिहोरा शाखा के खाते से 92,000 रुपये, कुल 7,79,999 रुपये आरोपी ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी आशीष कोल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान सारा पैसा हार दिया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और डिजिटल लेन-देन के माध्यम से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post