नैनपुर की युवती से धोखा, महाराष्ट्र के गोदिया से आरोपी गिरफ्तार
डला/मंडला। मध्यप्रदेश के नैनपुर में ठगी और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और करीब 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। बाद में आरोपी ने दूसरी युवती से विवाह कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र के गोदिया से गिरफ्तार कर लिया है।
पांच साल पहले हुई थी पहचान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नैनपुर निवासी युवती की पहचान करीब पांच वर्ष पूर्व गोदिया निवासी पंकज सुखेजा से हुई थी। पहचान धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का विश्वास जीता और उसे घूमने के बहाने सिवनी, नागपुर सहित अन्य स्थानों पर ले गया।
इस दौरान आरोपी ने युवती से नकद करीब 20 लाख रुपये, मोबाइल फोन, टैबलेट और महंगे उपहार भी लिए। युवती को लगातार जल्द शादी करने का भरोसा दिया जाता रहा।
दूसरी शादी का खुलासा, दर्ज हुआ मामला
इसी बीच आरोपी ने छत्तीसगढ़ के धमतरी में दूसरी युवती से विवाह कर लिया। जब इसकी जानकारी नैनपुर निवासी युवती को लगी तो उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने युवती से लिए गए पैसे अपने साथियों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर करवाए थे। पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि जब आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए, उस समय वह नाबालिग थी।
गोदिया से गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और दबिश देकर आरोपी पंकज सुखेजा को गोदिया (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
