जबलपुर। मझगवां थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार कर उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 10 फरवरी 2026 को नियमित पेट्रोलिंग के दौरान जौली मोड़ के पास की गई।
थाना प्रभारी हरदयाल सिंह ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान खितौला खम्परिया की ओर से लाल रंग के महिंद्रा कंपनी के दो ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 एबी 6240 एवं एमपी 20 जेडएच 1753 आते हुए दिखाई दिए। दोनों ट्रैक्टरों में ट्रॉली लगी हुई थी, जिनमें रेत भरी हुई थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से पूछताछ की।
पूछताछ में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 एबी 6240 के चालक ने अपना नाम मानशु दाहिया (19 वर्ष) तथा ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 जेडएच 1753 के चालक ने धुप कपूर कोल (20 वर्ष) बताया। दोनों ग्राम सुनारखेड़ा, थाना ढीमरखेड़ा, जिला कटनी के निवासी हैं।
ट्रॉली में भरी रेत के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों चालक रेत परिवहन से संबंधित कोई रॉयल्टी रसीद अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि ग्राम भंडरा स्थित हिरन नदी घाट से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर मझगवां की ओर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130(2)/177 और 3/181 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
