लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग कटनी के प्रभारी कार्यपालन यंत्री व्हीए सिद्दीकी को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को उनके शासकीय आवास पर की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम जरवाही, जिला कटनी निवासी कुंवर लाल रजक (पिता स्व. जीवनलाल) ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2024 में चौकीदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्ष 2011 से 2017 तक वर्गीकरण की कार्रवाई के संबंध में न्यायालय जबलपुर के आदेश के बाद उन्हें 7 से 8 लाख रुपए एरियर के रूप में प्राप्त होना था।
आरोप है कि प्रभारी कार्यपालन यंत्री व्हीए सिद्दीकी एरियर भुगतान के एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे। तय हुआ कि पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपए दिए जाएंगे। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को उसके शासकीय आवास के बैठक कक्ष में पहली किश्त लेते हुए पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप दल में दल प्रभारी नीतू त्रिपाठी, ट्रैप कर्ता निरीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
इस कार्रवाई के बाद जल संसाधन विभाग में खलबली मची हुई है, वहीं आमजन में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग और तेज हो गई है।
