जबलपुर नगर निगम में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़: लोकायुक्त ने टैक्स कलेक्टर को 3 हजार लेते दबोचा



जबलपुर, 17 फरवरी 2026 जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को नगर निगम के रांझी जोन कार्यालय में पदस्थ टैक्स कलेक्टर (टीसी) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करदाता से टैक्स रसीद में नाम परिवर्तन के एवज में तीन हजार रुपये की घूस ले रहा था। कार्रवाई के बाद नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रांझी बड़ा पत्थर, मानेगांव निवासी दीपक कुशवाहा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पत्नी के नाम नजूल का मकान है। टैक्स रसीद में पूर्व करदाता के स्थान पर पत्नी का नाम दर्ज कराने के लिए नगर निगम जोन क्रमांक-10 रांझी में पदस्थ टीसी चंद्रभान नोनिया द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसके बाद मंगलवार 17 फरवरी को योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा-7, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक जितेन्द्र यादव, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त दल के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post