जबलपुर। शहर में दहशत फैलाने वाले एक और शातिर बदमाश के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई।
मदनमहल थाना प्रभारी के अनुसार, 29 वर्षीय मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल, निवासी मेहता पेट्रोल पम्प के सामने मछली मार्केट के पास, थाना मदनमहल क्षेत्र, वर्ष 2013 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। आरोपी के विरुद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास, लूट, अवैध वसूली, जुआ, आर्म्स एक्ट तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित कुल 39 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था। स्थानीय लोग उसके डर से शिकायत दर्ज कराने और सूचना देने से भी कतराते थे। समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और वह लगातार गंभीर अपराधों को अंजाम देता रहा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली के मार्गदर्शन में आरोपी के खिलाफ एनएसए के तहत विस्तृत प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी ने एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
