सीमांकन की पावती के बदले 6 हजार की रिश्वत, पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

 


जबलपुर लोकायुक्त की दबिश से सिवनी तहसील कार्यालय में मचा हड़कंप


जबलपुर/सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में स्थित बरघाट तहसील कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जबलपुर से पहुंची मध्यप्रदेश लोकायुक्त संगठन की टीम ने एक पटवारी को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पटवारी महेन्द्र बिसेन सीमांकन की पावती देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि शिकायतकर्ता भगतराम खरे की पत्नी बैगीन बाई खरे को उनकी माता द्वारा ग्राम पंचायत धपारा में खसरा नंबर 627 में से 1/5 हिस्सा प्रदान किया गया था। भूमि का सीमांकन कराए जाने के बाद पावती देने के बदले पटवारी महेंद्र बिसेन द्वारा 6 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

इसकी शिकायत भगतराम खरे ने जबलपुर पहुंचकर लोकायुक्त कार्यालय में की। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

रिश्वत लेते ही दबोचा

आज बरघाट तहसील कार्यालय में शिकायतकर्ता ने जैसे ही 6 हजार रुपये पटवारी को दिए, पहले से घात लगाए लोकायुक्त दल ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि टीम के पहुंचते ही पटवारी ने घबराकर रुपये फेंक दिए और विवाद करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उसे कानूनी कार्यवाही में बाधा न डालने की हिदायत दी।

कार्यालय में मचा हड़कंप

कार्रवाई की सूचना मिलते ही तहसील कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। मौके पर लोकायुक्त टीम के इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव, बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लोकायुक्त संगठन द्वारा आरोपी पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post