प्रसाद की मिठाई से बिगड़ी तबीयत, 8 जिला अस्पताल रेफर, एक युवक कोमा में

 


जबलपुर। भेड़ाघाट क्षेत्र में आयोजित सुहागलों के कार्यक्रम के दौरान प्रसाद में बांटी गई मिठाई खाने के बाद अचानक कई महिलाओं, बच्चों और दो युवकों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है।

जानकारी के अनुसार, भेड़ाघाट स्थित राजस्थान स्वीट्स से करीब 4 किलो मिठाई खरीदी गई थी, जिसे त्रिपुर सुंदरी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। मिठाई खाने के कुछ देर बाद महिलाओं और बच्चों को अचानक उल्टी और चक्कर आने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जिला अस्पताल पहुंची आरती पटेल (निवासी भेड़ाघाट चौराहा) ने बताया कि रिश्तेदारी में सुहागलों का कार्यक्रम था। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद जैसे ही मिठाई वितरित हुई, उसे खाने वाले कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों को तत्काल गोटेगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 8 लोगों को जिला अस्पताल जबलपुर रेफर किया गया।

आरती पटेल ने बताया कि उनके पति ने भी मिठाई का एक पीस खाया था। इसके बाद उन्हें तेज चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी हालत नाजुक हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर रेफर किया, जहां वे कोमा में बताए जा रहे हैं।

फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों से पूछताछ की जा रही है और मिठाई के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो बच्चों को तेज चक्कर और लगातार उल्टी की शिकायत है। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की निगरानी में उपचार कर रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post