बिलहरी में करंट से मजदूर की मौत, मकान मालकिन पर प्रकरण दर्ज

 

जबलपुर। बिलहरी के बजरंग नगर कॉलोनी में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी एक मजदूर की जान पर भारी पड़ गई। करंट लगने से हुई मौत के मामले में गोराबाजार थाना पुलिस ने मकान मालकिन निन्दर कौर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को कपिल सोनी निवासी लखराम मोहल्ला, खितौला ने सूचना दी थी कि उनके फूफाजी सुभाष सोनी और गोविंद कोल बिलहरी स्थित बजरंग नगर कॉलोनी में निन्दर कौर के मकान पर मजदूरी करने गए थे। दोनों मजदूर छत पर त्रिपाल (पन्नी) बिछाने का काम कर रहे थे।

बताया गया कि छत से लोहे का पाइप नीचे रखते समय पाइप ऊपर उठ गया और मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। करंट की चपेट में आने से सुभाष सोनी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए ऑटो से विक्टोरिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोपहर 12:37 बजे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

“डर था करंट का, लेकिन कहा गया कुछ नहीं होगा”

मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी के बयान दर्ज किए गए। गवाह ने बताया कि घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी और छत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। सुभाष सोनी ने मकान मालकिन से करंट लगने की आशंका जताई थी, लेकिन कथित तौर पर उन्हें आश्वस्त किया गया कि “एक घंटे का काम है, कुछ नहीं होगा।”

जैसे ही सुभाष सोनी ने लोहे का पाइप उठाकर नीचे रखने की कोशिश की, वह हाईटेंशन लाइन से संपर्क में आ गया। करंट लगने से उनके दोनों पैर बुरी तरह जल गए और मौके पर ही वे पाइप से चिपक गए।

उपेक्षा का आरोप, मामला दर्ज

पुलिस जांच में यह सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए थे। हाईटेंशन लाइन के नीचे बिना सुरक्षा उपकरण और एहतियाती इंतजामों के काम कराया जा रहा था।

प्राथमिक जांच में लापरवाही और उपेक्षापूर्ण रवैये के चलते हुई मौत पाए जाने पर मकान मालकिन निन्दर कौर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post