चरगवाँ थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बरखेड़ा स्थित नहर में नहाने गए युवक के डूबने की आशंका के बीच देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान रोक दिया गया, जिसे आज पुनः शुरू किया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेमरा निवासी नीतेश मेहरा (28) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बड़ा भाई सचिन मेहरा (30) सोमवार सुबह करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से गांव के पास बरखेड़ा नहर पर नहाने और कपड़े धोने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे।
नहर की सीढ़ियों के पास मिले कपड़े और एटीएम
दोपहर करीब 12 बजे छोटा भाई नीतेश उसे तलाशते हुए नहर पर पहुंचा। वहां नहर की सीढ़ियों के पास मेढ़ पर सचिन के कपड़े और एटीएम कार्ड रखा मिला। पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी। आसपास काफी खोजबीन के बावजूद जब सचिन का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की।
रास्ते में मिले श्याम लाल भूमिया ने बताया कि जब वह नहर से नहाकर लौट रहा था, तब उसने सचिन मेहरा और कमलेश ठाकुर को नहर में नहाते देखा था। इसके बाद से सचिन का कोई अता-पता नहीं है।
गुमशुदगी दर्ज, आज फिर चलेगा सर्च ऑपरेशन
परिजनों को आशंका है कि नहाते समय सचिन गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चरगवाँ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
