सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाए नकदी व जेवर, मोबाइल भी ले उड़े



जबलपुर। थाना संजीवनीनगर क्षेत्र के चंदन कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार चंदन कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय श्रीमती संगीता पटेल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर धनवंतरीनगर स्थित कृतिका बुटीक से ब्लाउज लेने गई थीं। वहां से कपड़े लेने के बाद वह अपनी भाभी सीमा के घर चली गईं और देर रात करीब 1:30 बजे वापस लौटीं।

घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले के आसपास ठोकने के निशान थे। ताला खोलकर अंदर जाने पर आलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल फोन और 9 हजार रुपये नकद गायब थे।

चोरी गए सामान में चार सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी झाला, सोने की बच्चे की हाय, चार नाक की लौंग, दो सोने के मोती, चांदी की चार जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, एक कड़ा, ओप्पो और सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल फोन शामिल हैं।

पीड़िता ने यह भी बताया कि घर के पीछे लगे गेट की जाली मुड़ी हुई थी, जिससे अंदेशा है कि चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post