जबलपुर में रेलवे ट्रैक पर युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 



जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के भटोली रेलवे लाइन के समीप एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।

मृतक की पहचान महेंद्र उर्फ छोटू साहू (26) निवासी सिलुआ देवरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, छोटू शुक्रवार सुबह घर से बिना किसी को बताए निकला था। देर शाम रेलवे ट्रैक पर उसका शव पड़े होने की खबर मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि किसी ने छोटू की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या का मामला। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post