जनसुनवाई में खुलासा: स्नेह निकेतन की जमीन पर चल रहा कार शोरूम



जबलपुर। नगर निगम जबलपुर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान नर्मदा रोड स्थित एक स्कूल और छात्रावास की भूमि पर अवैध अतिक्रमण और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया। शिकायतकर्ता आशीष साहू ने आयुक्त नगर निगम रामप्रकाश अहिरवार को लिखित शिकायत सौंपते हुए अवैध निर्माण हटाने तथा संबंधित कार बाजार का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार पं. बनारसी दास भानोट वार्ड अंतर्गत नर्मदा रोड मुख्य मार्ग पर स्थित मकान नंबर 1433 एवं 1434 नगर निगम के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। उक्त स्थान पर मेथोडिस्ट चर्च इन इंडिया द्वारा संचालित ‘स्नेह निकेतन’ स्कूल एवं छात्रावास में मंदबुद्धि एवं दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा और आवास की व्यवस्था वर्षों से की जा रही थी।

आरोप है कि बाद में भू-माफियाओं द्वारा स्कूल एवं छात्रावास की मुख्य मार्ग से लगी भूमि पर अवैध कब्जा कर ‘टू-वेलू कार बाजार’ नाम से शोरूम संचालित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस भूमि का व्यावसायिक उपयोग करना भूमि आवंटन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार बाजार संचालकों ने स्कूल परिसर की भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया है, जिससे वहां पढ़ने और रहने वाले दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई और शांत वातावरण प्रभावित हो रहा है।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित कार बाजार का लाइसेंस तत्काल निरस्त कर अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में 5 दिसंबर 2024, 16 दिसंबर 2024 और 30 जून 2025 को भी नगर निगम में शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post