अलीराजपुर। मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के ग्राम अडवाड़ा में उस वक्त हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला, जब तीन मासूम बच्चों की अर्थी एक साथ उठी और उनका अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। पूरे गांव में मातम पसरा रहा और अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
चाय में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्राम अडवाड़ा निवासी नूरी बाई ने बीती शाम कथित तौर पर चाय में जहर मिलाकर अपने तीन बच्चों को पिला दिया और बाद में स्वयं भी वही चाय पी ली। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि महिला बच्चों को कमरे में बंद करने वाली थी, इसी दौरान उसका बेटा कार्तिक किसी तरह घर की एक छोटी जगह से निकलकर भाग गया। उसने खेत पर मौजूद अपने दादा को पूरी घटना की जानकारी दी। कार्तिक ने बताया कि मां ने सभी को जहर पिला दिया है और स्वयं भी सेवन कर लिया है। सूचना देने के दौरान ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं।
अस्पताल में तीन बच्चों को मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घर पहुंचे। बड़ी बेटी सावित्री, दिव्या और मां नूरी बाई कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। चारों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं नूरी बाई की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार जारी है।
एक साथ उठी तीन अर्थियां, गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम के बाद तीनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद एक ही अर्थी पर तीनों को घर से श्मशान घाट तक ले जाया गया। इस दौरान पूरा गांव गमगीन नजर आया। अंतिम संस्कार में सैकड़ों ग्रामीण और आसपास के लोग शामिल हुए।
पति गुजरात में, पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। महिला का पति गुजरात में मजदूरी करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।
