जबलपुर। नगर निगम द्वारा बकाया कर वसूली अभियान को तेज करते हुए कछपुरा संभाग में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के सख्त निर्देशों के तहत लंबे समय से टैक्स न चुकाने वाले करदाताओं के खिलाफ निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
2.60 लाख की वसूली के लिए सीलिंग कार्रवाई
संभाग क्रमांक-2 कछपुरा अंतर्गत मदन महल वार्ड क्रमांक-15 में स्थित बघेला कंपनी के गैस गोदाम पर संपत्ति कर की भारी राशि बकाया पाई गई। इस संबंध में संभागीय अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गोदाम संचालक दिलीप बघेल पर कुल 2,59,445 रुपये का संपत्ति कर बकाया था।
उन्होंने बताया कि कर अदायगी के लिए कई बार नोटिस और मौखिक सूचना दी गई, लेकिन निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार गोदाम को सील कर दिया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर वसूली के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जिन करदाताओं पर संपत्ति कर या अन्य करों की राशि लंबित है, वे शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
