जलेबी के विवाद ने ली जान: सरेराह चाकू मारकर युवक की हत्या, गोराबाजार क्षेत्र में दहशत



जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत ग्राम भीटा-जैतपुरी में बुधवार रात मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। दो दिन पहले मेले में जलेबी खाने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में एक युवक की सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में लगे मेले में जलेबी खाने की बात को लेकर साजन झरिया और कृष्णा उइके के बीच कहासुनी हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपी ने इस विवाद को मन में रख लिया था।

बुधवार रात कृष्णा उइके मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी साजन झरिया ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच फिर बहस हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि साजन ने अचानक चाकू निकालकर कृष्णा पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कृष्णा सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post