जबलपुर। जिले के खितौला और भेड़ाघाट थाना क्षेत्रों में बुधवार को रेल पटरियों के पास दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला खितौला थाना क्षेत्र का है। बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन से पुलिस को सूचना मिली कि सिहोरा–डुण्डी रोड पर कुर्रे पिपरिया के पास रेल पटरी के किनारे एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा है। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि व्यक्ति की ट्रेन से गिरने के कारण मौत हुई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
दूसरी घटना भेड़ाघाट थाना क्षेत्र की है। ट्रैकमैन ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम सिलुआ के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की ट्रेन से कटने से मौत हो गई है। मृतक की उम्र भी करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस दोनों मामलों में आसपास के थानों और गुमशुदगी रिपोर्ट से मिलान कर मृतकों की पहचान के प्रयास कर रही है। फिलहाल दोनों मौतों के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
.jpg)