जबलपुर।जबलपुर के गोहलपुर थाना में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मारपीट और अपहरण की कोशिश की शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से आहत एक युवती ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया।
ग्रीन सिटी निवासी पीड़िता नेहा बड़गैया ने आरोप लगाया है कि 31 जनवरी की रात करीब 1:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते राघवेंद्र पटेल ने उसके साथ मारपीट की। नेहा का कहना है कि राघवेंद्र अपने एक दोस्त और गर्लफ्रेंड मोना गोटिया के साथ उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर जान से मारने की नीयत से पनागर की ओर ले जा रहा था, लेकिन बाद में रद्दी चौक पर फेंककर फरार हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह गोहलपुर थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंची तो पुलिस मामले को रफा-दफा करने में जुटी रही और एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी लापरवाही से आहत होकर नेहा ने थाने के सामने से चूहा मार दवा खरीदी और थाने के भीतर ही उसे पी लिया।
युवती द्वारा जहर खाने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में मामला दर्ज तो किया, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। आज पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
