ओमती में ‘पति-पत्नी और वो’ विवाद: बीच सड़क पर पुलिस आरक्षक की पिटाई, थाने में गहमागहमी

 



जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कथित “पति-पत्नी और वो” के विवाद में एक पुलिस आरक्षक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। आरक्षक और युवती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। आरोप है कि युवती के परिजनों ने गुस्से में आकर वर्दीधारी आरक्षक को सरेराह पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में चर्चा का विषय बना रहा।

थाने में चली तीखी बहस

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को थाने लाया गया। देर शाम तक थाने में गहमागहमी का माहौल बना रहा। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए।

पहचान उजागर करने से परहेज

पुलिस फिलहाल अपने ही विभाग के आरक्षक और मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान सार्वजनिक करने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील है और सभी पहलुओं की सूक्ष्म जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आधिकारिक तौर पर नाम स्पष्ट किए जाएंगे।

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि निजी विवाद जब सार्वजनिक स्थानों पर उग्र रूप ले लेते हैं, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति किस तरह चुनौती के घेरे में आ जाती है। फिलहाल पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post