तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, सास-बहू और दो साल की बच्ची की मौत



मुरैना। जिले के नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे सास, बहू और दो वर्षीय नातिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

दाल मिल के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार ट्रक (RJ11 GD 3487) धौलपुर से मुरैना की ओर आ रहा था। वहीं हिंगोना गांव निवासी रामबरन जाटव अपनी पत्नी रामरती, बहू पूनम और दो साल की नातिन काव्या के साथ बाइक से मुरैना जा रहे थे। दाल मिल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रामबरन दूर जा गिरे, जबकि उनकी पत्नी रामरती (45), बहू पूनम (25) और नातिन काव्या (2) ट्रक की चपेट में आ गईं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल का अस्पताल में उपचार

गंभीर रूप से घायल रामबरन जाटव (46) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हाईवे पर जाम, एक घंटे तक यातायात प्रभावित

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-44 पर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद जाम खोला गया।

आरोपी की तलाश जारी

सीएसपी दीपाली चन्दौरिया ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post