बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लिंगा पौनार-कटंगी क्षेत्र में देर रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी पिता-पुत्र द्वारा की गई मारपीट में रामकिशन ठाकरे की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे हर्षित घायल हो गए। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लिंगा पौनार के जोगाटोला क्षेत्र निवासी रामकिशन ठाकरे का देर रात पड़ोसी गणेश उइके से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गणेश उइके और उसके बेटे धानिश ने कथित तौर पर रामकिशन के साथ मारपीट की और धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। मारपीट में रामकिशन को गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान जब रामकिशन के बेटे हर्षित ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पिता-पुत्र वहां से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल रामकिशन को देर रात घर में ही सुला दिया और सुबह अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन सुबह जब उन्हें उठाने पहुंचे, तो रामकिशन की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है, जबकि घायल हर्षित को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
