जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे फाटक के पास स्थित एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग दुकान के संचालक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक के सीने और पेट में चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 15 निवासी रमाकांत पटेल (23) रेलवे फाटक के पास मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान संचालित करता है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी दुकान के पीछे बबूल के पेड़ के पास गया था। इसी दौरान प्रिंस यादव और कृष्णा गोटिया वहां पहुंचे और पूर्व में हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।कृष्णा ने प्रिंस को उकसाया, थमाया चाकू
विवाद बढ़ने पर कृष्णा गोटिया ने प्रिंस यादव को चाकू थमाते हुए रमाकांत पर हमला करने के लिए उकसाया। आरोप है कि प्रिंस ने जान से मारने की नीयत से रमाकांत के सीने और पेट के ऊपरी हिस्से पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से रमाकांत गंभीर रूप से घायल होकर चीखने लगा।
घटना की आवाज सुनकर पास में मौजूद लखन पटेल और सोनू पटेल मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव किया। उनकी सक्रियता के चलते आरोपी मौके से भाग निकले।
जान बचाकर भागा पीड़ित, दी जान से मारने की धमकी
हमले के बाद रमाकांत जान बचाकर ब्रिज की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। भयभीत पीड़ित कुछ समय तक घर में छिपा रहा, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
