नरसिंहपुर। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. त्रिविकेश्वर मीणा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में एक आयशर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि महाराष्ट्र से एक आयशर ट्रक में अवैध शराब की बड़ी खेप नरसिंहपुर मार्ग से ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजदीप भूरिया तथा एसडीओपी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
गठित टीम ने नरसिंहपुर से सिवनी मार्ग की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे पर चौकिंग प्वाइंट स्थापित कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक आयशर ट्रक नरसिंहपुर की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक ने ट्रक को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर से खाली प्लास्टिक कैरेट रखी हुई थीं, जबकि नीचे छिपाकर अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां रखी गई थीं। गहन जांच में कुल 286 पेटी अंग्रेजी शराब (इम्पीरियल ब्लू ब्रांड) बरामद की गई। आरोपियों के पास शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने शराब को नरसिंहपुर से सिलिगुड़ी ले जाने की बात कबूल की है। पुलिस ने अवैध शराब और ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
-
सतीश नंद, निवासी उदेपुर, थाना गन्नौर, जिला सोनीपत, हरियाणा
-
मनोज यादव, निवासी जाफरपुर, साउथ वेस्ट दिल्ली
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं।
