अधारताल की गुजराजी कॉलोनी में भीषण अग्निकांड, 10 घर आग की चपेट में — कपड़ों का कारोबार करने वाले परिवारों को भारी नुकसान



जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र की गुजराजी कॉलोनी में मंगलवार सुबह अचानक एक टपरे में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग आसपास के घरों तक फैल गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

आग लगने के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और अधारताल पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजराजी कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश परिवार पुराने कपड़ों के व्यापार से जुड़े हुए हैं। पीड़ित परिवारों के घरों में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इसके अलावा कई घरों का घरेलू सामान भी आग में खाक हो गया।

इस अग्निकांड में करीब 10 घर प्रभावित हुए हैं। आग के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है, वहीं अधारताल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आग लगने के कारणों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post