बालाघाट/लांजी। 10 लाख रुपये की उधारी वसूलने के लिए रची गई अपहरण की साजिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में अपहृत युवक को छत्तीसगढ़ के धमतरी से सकुशल बरामद करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसकी मंगेतर और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्राम बकरामुंडी के कटंगनाला के पास बीती सुबह सफेद रंग की कार में आए चार लोगों ने केशोप्रसाद धामने के साथ पहले गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी और विशेष टीम गठित कर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अपहृत केशोप्रसाद को छत्तीसगढ़ के धमतरी में रखा गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और केशोप्रसाद को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेन्द्र कुमार उर्फ जीतू साहू, उसकी मंगेतर ज्योति बिल्हारे तथा उनके साथी योगेश साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू साहू ने बताया कि उसने अपनी मंगेतर ज्योति के साथ मिलकर केशोप्रसाद को ब्याज पर पैसे दिए थे। काफी समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर दोनों ने वसूली के लिए अपहरण की साजिश रची। योजना के तहत ज्योति ने फोन कर जितेन्द्र को लांजी बुलाया और फिर साथियों के साथ मिलकर केशोप्रसाद को जबरन उठाकर धमतरी ले गए।
पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
