जबलपुर। शहर के सदर स्थित जामा मस्जिद के इमाम के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से मुस्लिम समाज में नाराजगी और आक्रोश का माहौल बन गया। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग कैंट थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुस्ताक अहमद नामक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जामा मस्जिद के इमाम को लेकर अमर्यादित और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। जैसे ही यह पोस्ट समाज के लोगों तक पहुंची, क्षेत्र में नाराजगी फैल गई और लोग विरोध जताते हुए कैंट थाना पहुंच गए।
आक्रोशित लोगों ने थाना प्रभारी कैंट पुष्पेंद्र पटेल को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकती हैं।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
