जबलपुर। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले ठग सक्रिय हो गए हैं। ये ठग खासतौर पर बुजुर्ग और रिटायर्ड लोगों को निशाना बनाकर एटीएम मशीन के पास मदद के बहाने उनका कार्ड बदल देते हैं और बाद में खाते से रकम निकाल लेते हैं। ऐसा ही एक मामला सिविक सेंटर स्थित एटीएम से सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड कर्मचारी के खाते से एक लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली गई।
ओमती थाना पुलिस के अनुसार नया मोहल्ला निवासी रसीद उद्दीन ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह सीओडी फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि 27 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे वह सिविक सेंटर स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने एटीएम मशीन में अपना कार्ड डालकर पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी कारणों से राशि नहीं निकली।
इसी दौरान उनके पास खड़ा एक व्यक्ति मदद की पेशकश करते हुए बोला कि वह पैसे निकलवाने में सहायता कर देगा। उसने रसीद उद्दीन का एटीएम कार्ड मशीन में लगाकर पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन पैसे नहीं निकले। इसके बाद वह व्यक्ति कार्ड वापस कर वहां से चला गया। रसीद उद्दीन भी घर लौट आए।
दोपहर करीब 12 बजे बैंक से उन्हें फोन आया कि उनके खाते से लगातार पैसे निकाले जा रहे हैं। इस पर उन्होंने बताया कि उन्होंने कोई पैसे नहीं निकाले हैं। बैंक कर्मियों ने उन्हें अपना एटीएम कार्ड जांचने के लिए कहा। जब उन्होंने कार्ड देखा तो वह उनका नहीं बल्कि सिवानी कुशवाहा नाम का एटीएम कार्ड निकला।
पीड़ित को शक है कि सिविक सेंटर एटीएम में मिले अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और किसी तरह पिन नंबर जानकर उनके एसबीआई खाते से 1 लाख 18 हजार 80 रुपये निकाल लिए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही एटीएम सेंटर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
.jpg)