स्टाइपेंड बढ़ोतरी को लेकर जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर, जबलपुर में डिप्टी सीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल


जबलपुर। मध्यप्रदेश में स्टाइपेंड बढ़ोतरी और 2021 के समझौते को लागू न करने के विरोध में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA/जूडा) ने हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदेशभर में करीब 8,000 से अधिक रेजिडेंट डॉक्टर ओपीडी और इलेक्टिव सर्जरी का बहिष्कार कर रहे हैं। हालांकि मरीजों को राहत देने के लिए आपातकालीन सेवाएं जारी रखी गई हैं।


इधर, जबलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला से मिलने नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। मुलाकात के बाद संकेत मिले हैं कि सरकार गतिरोध खत्म करने के लिए पीएस स्तर पर बैठक बुलाने की तैयारी कर रही है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने भी इस दिशा में जल्द पहल होने के संकेत दिए।

बताया गया है कि जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में रेजिडेंट डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न पिछले तीन दिनों से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। डॉक्टर काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रहे थे।

गौरतलब है कि राज्य सरकार के 7 जून 2021 के आदेश के अनुसार सीपीआई आधारित स्टाइपेंड संशोधन 1 अप्रैल 2025 से लागू होना था। इसके बावजूद अब तक न तो संशोधित स्टाइपेंड लागू किया गया और न ही अप्रैल 2025 से देय एरियर का भुगतान किया गया है।

डॉक्टरों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शासन और संबंधित विभागों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी के चलते मजबूर होकर जूनियर डॉक्टरों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post