आरडीवीवी कर्मचारी संघ चुनाव में फिर फंसा पेंच, मतदाता सूची पर विवाद से अटकी प्रक्रिया



जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के चुनाव को लेकर एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई है। बड़ी कवायद के बाद निर्वाचन अधिकारी की घोषणा तो हो गई, लेकिन अब मतदाता सूची को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है, जिसके कारण चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं हो पा रही है।

जानकारी के अनुसार, संघ चुनाव प्रक्रिया के तहत कुलगुरु की अनुमति से निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति के साथ ही अधिसूचना जारी की जाती है। इसके बाद संघ की प्रमाणित मतदाता सूची निर्वाचन अधिकारी को प्रकाशन के लिए सौंपी जाती है। लेकिन इस बार दो उपाध्यक्ष और महासचिव द्वारा तैयार की गई मतदाता सूची पर अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल हस्ताक्षर करने से आनाकानी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि अध्यक्ष अब महासचिव से संघ के वार्षिक लेन-देन का हिसाब मांग रहे हैं, जबकि संघ का बैंक खाता कोषाध्यक्ष और अध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से संचालित होता है। ऐसे में कर्मचारी संघ के अंदर ही दो गुटों के बीच खींचतान तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र पटेल का गुट चुनाव प्रक्रिया को टालने की कोशिश में लगा हुआ है, जबकि दूसरी ओर प्रेम प्रकाश पुरोहित समूह और वंश बहोर पटेल–संजय यादव गुट जल्द चुनाव कराए जाने के पक्ष में हैं।

कार्यकाल खत्म, फिर भी आमसभा का विवाद
मतदाता सूची पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले वीरेंद्र पटेल ने 16 मार्च को आमसभा बुलाने की घोषणा की है। इस पर आपत्ति जताते हुए कर्मचारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश पुरोहित ने कहा कि नियमानुसार संघ के पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष का होता है, जो 2 मार्च को पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद कोई भी पदाधिकारी संघ के लेटरपैड का उपयोग करने का अधिकारी नहीं रह जाता। ऐसे में पूर्व अध्यक्ष द्वारा आमसभा बुलाना नियमों के विरुद्ध है। यदि आमसभा बुलानी थी तो 2 मार्च से पहले बुलानी चाहिए थी।

पुरोहित ने आरोप लगाया कि वीरेंद्र पटेल विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से बिना चुनाव कराए पद पर बने रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने दिया जाएगा और अब इस पूरे मामले में कुलगुरु, जो संघ के संरक्षक हैं, उन्हें हस्तक्षेप करते हुए जल्द चुनाव की तिथियां घोषित करनी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post